पीरटांड़ : नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का शहीद सप्ताह 28 जुलाई से 3 अगस्त तक चलेगा. इसे लेकर जहां क्षेत्र में पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है. वहीं नक्सलियों ने भी जगह-जगह पोस्टर चिपका कर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है. शुक्रवार को इसी तरह का पोस्टर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कुम्हरलालो में ग्रामीणों ने देखा.
यहां के प्लस टू उच्च विद्यालय बाउंड्री में माओवादियों का पोस्टर देखे जाने के बाद लोग दहशत में आ गये. स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरूवार की देर शाम तक किसी प्रकार का पोस्टर नहीं चिपकाया गया था, लेकिन शुक्रवार की सुबह स्कूल में पोस्टर चिपका हुआ मिला. बता दें कि हाल के दिनों में गिरिडीह पुलिस ने नक्सली संगठन के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की है.
कई इनामी नक्सलियों को पकड़ा गया तो कई बंकरों को भी धवस्त कर दिया. पुलिस की चौकसी के कारण माओवादी अपनी कई योजनाओं में विफल रहे हैं. अब नक्सली शहीद सप्ताह के बहाने अपनी उपस्थिति दर्ज करने की फिराक में हैं. हालांकि गिरिडीह एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने शहीद सप्ताह को देखते हुए जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट पर रहने का निर्देश दे रखा है.
