लटकट्टो जंगल में पूर्व में भी होती रही हैं घटनाएं

शशि जायसवाल डुमरी : गिरिडीह डुमरी पथ पर लटकट्टो में बुधवार की रात लगभग तीन वर्ष बाद लूटपाट की घटना घटी है. बताया जाता है कि गिरिडीह-डुमरी पथ पर लटकट्टो का जंगल वर्षों से अपराधियों के लिये सेफ जोन रहा है. इस मार्ग पर आज से तीन वर्ष पूर्व आये दिन सड़क लूट की घटनाएं […]

शशि जायसवाल
डुमरी : गिरिडीह डुमरी पथ पर लटकट्टो में बुधवार की रात लगभग तीन वर्ष बाद लूटपाट की घटना घटी है. बताया जाता है कि गिरिडीह-डुमरी पथ पर लटकट्टो का जंगल वर्षों से अपराधियों के लिये सेफ जोन रहा है.
इस मार्ग पर आज से तीन वर्ष पूर्व आये दिन सड़क लूट की घटनाएं होती रहती थीं. शाम ढलते ही अपराधी कभी भी सड़क को अवरूद्ध कर यात्रियों को अपना शिकार बनाते रहे हैं. चार वर्ष पूर्व इसी स्थान पर एक साथ तीन दर्जन वाहनों में लूट की गयी थी. यह घटना सावन के महीने में हुई थी और लूट के शिकार लोग कांवरिया थे. इसके अलावा 1 मार्च 2012 को भी इसी स्थान पर भीषण डकैती हुई थी.
इस दिन एक दर्जन वाहनों से लूट की गयी थी. लगभग दो घंटे तक अपराधी तांडव मचाते रहे थे. एक दर्जन लोगों को घायल कर दिया गया था. इसके अलावा कई बार तीर्थयात्रियों से भी लूटपाट की जा चुकी है. बताया जाता है पूर्व में भी घटित घटना मंगलवार या बुधवार की रात को ही घटी है. ऐसे में कहा जा रहा है कि मंगलवार को धावाटांड़ में लगने वाले साप्ताहिक हाट में ही अपराधी जुटते हैं और योजना बनाते हैं.
अपराधियों की खोज में जुटी पुलिस : बुधवार की घटना के बाद देर रात को एसपी अखिलेश बी वारियर भी घटनास्थल पर पहुंचे. एसपी ने डुमरी एसडीपीओ अरविंद विन्हा व पुलिस इंस्पेक्टर बीरेंद्र राम से घटना की जानकारी ली.
जानकारी लेने के बाद क्षेत्र के पुराने अपराधियों के संदर्भ में जानकारी इकट्ठा कर छापामारी का निर्देश दिया गया.पुलिस छापामारी कर रही है. मधुबन, डुमरी, निमियाघाट व पीरटांड़ की पुलिस पुराना आकंड़ा निकाल रही है. वहीं सरिया, बगोदर व मुफस्सिल पुलिस से भी संपर्क कर क्षेत्र के अपराधियों का डाटा मांगा गया.
एक घंटे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
लूटपाट की घटना की जानकारी लटकट्टो पुलिस पिकेट के जवानों को लगभग आधे घंटे के बाद ही मिल चुकी थी. बावजूद एक घंटे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची.
उत्तरी छोटानागपुर चैंबर ऑफ कामर्स के उपाध्यक्ष व जिला सचिव निर्मल झुनझुनवाला ने बताया कि लूटपाट के दौरान वह भी लटकट्टो पुलिस पिकेट के पास पहुंच गये थे. उन्होंने घटना की सूचना तुरंत गिरिडीह के एसपी को दी. सूचना के लगभग 45 मिनट के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. श्री झुनझुनवाला ने बताया कि बताया कि इंडिगो पर सवार तोपचांची का एक परिवार जोगीटांड़ जा रहा था.
उसमें एक महिला, एक बच्ची व दो युवक सवार थे. युवकों के साथ काफी मारपीट की गयी थी. महिला से कान व नाक के गहने भी छीन लिये गये थे. रो-रोकर इस महिला का बुरा हाल था व काफी बदहवास व डरी हुई थी. इन यात्रियों से जेवर व मोबाइल लूट लिया गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >