सफाई के लिए उतरे अधिकारी हमारी भी तो है कुछ जिम्मेवारी

‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम. अभियान शुरू, लोगों को किया जागरूक गिरिडीह : स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जिले भर में शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ. डीसी उमाशंकर सिंह ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों के निरीक्षण करने के बाद झाड़ू लगाकर इसकी शुरुआत की. उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित नाली के कचड़े को […]

‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम. अभियान शुरू, लोगों को किया जागरूक
गिरिडीह : स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत जिले भर में शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ. डीसी उमाशंकर सिंह ने समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न विभागों के निरीक्षण करने के बाद झाड़ू लगाकर इसकी शुरुआत की.
उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित नाली के कचड़े को भी साफ किया. उपायुक्त के अलावा अन्य अधिकारियों ने समाहरणालय परिसर से निकलकर कोर्ट रोड, टावर चौक, अांबेडकर चौक के पास की सड़कों से कचरा हटाया. अधिकारियों का काफिला नगर पर्षद कार्यालय, एसडीओ कार्यालय, कार्यपालक पदाधिकारियों के दफ्तर पहुंचा और साफ-सफाई को कहा. हालांकि, एसडीओ कार्यालय में एसडीओ नमिता कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय में सुकेशणी करकेट्टा व महेंद्र रविदास पूर्व से ही सफाई करते देखे गये. स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत पखवारा भर सफाई अभियान चलाया जायेगा.
डीसी श्री सिंह ने कहा कि यह अभियान लोगों को जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है. टीम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामचंद्र पासवान, जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पम्मी सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया, जिला शिक्षा अधीक्षक कमला सिंह समेत अन्य अधिकारी भी शामिल थे.
कई को लगायी फटकार, नप कार्यालय में भी की सफाई : अभियान के दौरान डीसी उमाशंकर सिंह जहां कई लोगों पर भड़के, वहीं कई अधिकारियों पर चुटकी भी ली. समाहरणालय परिसर स्थित फोटो स्टेट की दुकान के पास, वकालत खाना के पास व टावर चौक के पास स्थित हिंदुस्तान मेडिकल हॉल के सामने गंदगी देख डीसी ने फटकार लगायी.
वकालतखाना के पास जहां ठेला वेंडरों को डस्टबीन रखने और डस्टबीन में ही कचरा फेंकने का निर्देश दिया. हिंदुस्तान मेडिकल के संचालक को बुलाकर हिदायत दी कि यदि गंदगी दिखी तो जुर्माना लगाया जायेगा. नियम का पालन नहीं करने पर दुकान को सील कर दिया जायेगा. नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव मिश्रा से डीसी ने कहा कि पूरे शहर की सफाई करने की जिम्मेवारी निर्वहन कर रही नगर पर्षद की स्थिति भी देखनी है और वे अधिकारियों के साथ नगर पर्षद परिसर में घुस गये.
सबसे पहले श्री सिंह कार्यपालक पदाधिकारी राजीव मिश्रा के कार्यालय गये. यहां भी उन्होंने सफाई की. सफाई के क्रम में पानी की कई बोतलें व चाय के कप मिले. डीसी ने कहा कि सुधार की जरूरत है. इसके बाद उन्होंने नगर पर्षद के अध्यक्ष के कार्यालय को भी देखना चाहा, लेकिन उस वक्त उनका कार्यालय बंद पाया गया. इसके बाद श्री सिंह ने नप परिसर में फैली गंदगी की भी सफाई की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >