राजधनवार में गरमाता जा रहा है ऊंट जब्ती का मामला, विरोध में 27 अगस्त को प्रतिवाद मार्च

राजधनवारः दिल्ली के गैर-सरकारी संगठन (एनजीआे) की शिकायत पर झारखंड के गिरिडीह स्थित राजधनवार में की जा रही ऊंटों की जब्ती का मामला गरमाता जा रहा है. बताया जा रहा है कि बुधवार को ऊंट और कुर्बानी मामले को ही लेकर चुंजखो कर्बला मैदान में बुधवार को कयूम अंसारी की अध्यक्षता में दर्जनों अंजुमन की […]

राजधनवारः दिल्ली के गैर-सरकारी संगठन (एनजीआे) की शिकायत पर झारखंड के गिरिडीह स्थित राजधनवार में की जा रही ऊंटों की जब्ती का मामला गरमाता जा रहा है. बताया जा रहा है कि बुधवार को ऊंट और कुर्बानी मामले को ही लेकर चुंजखो कर्बला मैदान में बुधवार को कयूम अंसारी की अध्यक्षता में दर्जनों अंजुमन की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सरकार पर अल्पसंख्यकों के दमन और पुलिस प्रशासन पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया गया. इस बैठक में लोगों ने 26 अगस्त को लालबाजार कर्बला मैदान में बैठक करने व 27 को बाजार में प्रतिवाद मार्च निकालने का निर्णय लिया.

इस खबर को भी पढ़ेंः जीटी राेड पर पशु तस्करों से हर माह तीन करोड़ की वसूली

बुधवार को दर्जनों अंजुमन की बैठक में यह भी कहा गया है कि जब्त ऊंट को नहीं छोड़ा गया, तो वे कुर्बानी नहीं मनायेंगे. इसके साथ ही, काला बिल्ला लगाकर नमाज अदा करेंगे. मौके पर अब्दुल कुद्दूस, मुश्तफा अंसारी, नाजिर अंसारी, रफीक अंसारी, मिनहाज अंसारी, अख्तर अंसारी, इसराफिल, आदम, शेखावत आदि मौजूद थे. हालांकि, ऊंट जब्ती मामले को लेकर घोड़थंभा रैनीटांड़ की स्थिति शांतिपूर्ण है. सभी ऊंटों को प्रशासन ने पुलिस अभिरक्षा व मवेशी चिकित्सकों की निगरानी में रखा है. एक हैंडलर को भी लाया गया है, जो ऊंटों को खिलाने-पिलाने का काम कर रहा है.

हालांकि बुधवार को भी रैनीटांड़ के पास लोग जुटते रहे. खासकर बुधनी बाजार में आने-जाने वालों का तांता लगा रहा. दिनभर बीडीओ प्यारेलाल व सीओ शशिकांत सिंकर घोड़थंभा में कैंप करते नजर आये, जबकि एसडीएम रविशंकर विद्यार्थी व एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार पल-पल की जानकारी लेते दिखे.

एसडीपीआे बरवार ने बताया कि कार्रवाई दिल्ली के एनजीओ गो ज्ञान फाउंडेशन की लिखित शिकायत पर की गयी है. मामले को लेकर यूपी के कुछ पशु तस्करों पर पशु तस्करी व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस बीच बताया यह भी जा रहा है कि बीमार चल रहे एक ऊंट की घोड़थंभा रैनीटांड़ में बुधवार को मौत हो गयी. इस बाबत एसडीपीओ ने बताया कि ऊंट बीमार था. प्रक्रिया के अनुसार उसका पोस्टमार्टम कराया जायेगा.

इधर, ऊंट जब्ती मामले में बुधवार को धनवार प्रखंड के मुस्लिम समाज के लोगों ने बैठक की. बैठक में सबसे पहले स्थानीय नौजवानों को प्रशासन के आड़े ना आने की सख्ती से ताकीद की गयी. साथ ही, बकरीद के मौके पर किसी भी प्रकार की कुर्बानी नहीं करने के फैसले को दोहराया गया.

बैठक में कहा गया है कि मौजूदा हुकूमत की दादागीरी और पुलिस महकमे की मजबूरियां चिंता का विषय है. बैठक की अध्यक्षता हाजी अब्बास रिजवी तथा संचालन साबीर वारसी ने की. बैठक में डाॅ जावेद, सफीक अंसारी, सिराज अंसारी, मकसूद आलम, कमरुल होदा, इम्तियाज अंसारी, खुर्शीद आलम, अहमद रजा, अनवर अली, इलियास मोजाहिरी, हाफिज अब्दुल गफूर, अजहर अली (मिस्टर) समेत प्रखंड क्षेत्र के कई लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >