भूमि विवादों के समाधान के लिए हर माह होगा अंचल दिवस व थाना दिवस

भूमि विवादों के समाधान के लिए हर माह होगा अंचल दिवस व थाना दिवस

प्रतिनिधि, गढ़वा

जिले में भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने महत्वपूर्ण पहल की है. उन्होंने सभी अंचलों और थाना क्षेत्रों में प्रत्येक माह नियमित रूप से अंचल दिवस और थाना दिवस आयोजित करने का निर्देश जारी किया है. इसका उद्देश्य भूमि विवादों तथा राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है. उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई, जन शिकायत निवारण कार्यक्रमों और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण और अतिक्रमण से जुड़े मामलों के समाधान में और अधिक प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह संयुक्त आदेश जारी किया गया है. जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक माह की 15 तारीख को, यदि उस दिन अवकाश हो तो एक दिन पूर्व कार्य दिवस पर, पूर्वाह्न 11 बजे से संबंधित अंचल कार्यालय परिसर में अंचल दिवस आयोजित किया जायेगा. वहीं प्रत्येक माह की 30 तारीख को, अवकाश होने पर एक दिन पूर्व कार्य दिवस में, पूर्वाह्न 11 बजे से थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन होगा. इन कार्यक्रमों का संचालन संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से करेंगे. उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि अंचल दिवस और थाना दिवस किसी भी परिस्थिति में स्थगित नहीं किये जायेंगे. कार्यक्रम के दिन अंचल और थाना स्तर के कार्यों का संचालन समन्वय के साथ किया जायेगा ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इन कार्यक्रमों के दौरान भूमि विवाद, दखल-कब्जा, भूमि सीमांकन, लगान अद्यतन, त्रुटि सुधार, नामांतरण, उत्तराधिकार एवं आपसी बंटवारे से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जायेगी.

सफल संचालन के लिए नोडल पदाधिकारी नामित

अंचल दिवस और थाना दिवस के सफल संचालन के लिए अपर समाहर्ता को जिलास्तरीय नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है. प्रत्येक आयोजन के अगले दिन जिला राजस्व शाखा के माध्यम से समेकित प्रतिवेदन उपायुक्त को सौंपा जायेगा, जिससे कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >