मझिआंव-बिसुनपुरा मुख्य पथ पर सोनपुरवा गांव के पास हुआ हादसा प्रतिनिधि, मझिआंव मझिआंव-बिसुनपुरा मुख्य पथ पर सोनपुरवा गांव में पूर्व मुखिया शेख शकील अहमद सिद्दीकी के आवास के पास दो मोटरसाइकिल के आमने-सामने टकराने से एक युवक की मौत हो गयी, जबकि किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान भगोड़ीह गांव निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र प्रजापति के रूप में की गयी है. उसके साथ सवार 14 वर्षीय भतीजा अमरेश प्रजापति भी गंभीर रूप से घायल हुआ. पूर्व मुखिया शेख शकील ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे बिसुनपुरा की तरफ से आ रहे धर्मेंद्र प्रजापति की मोटरसाइकिल को मझिआंव की तरफ से आ रहे बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने गलत साइड में आकर जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज आधा किलोमीटर दूर तक सुनायी दी. उन्होंने घायल धर्मेंद्र को खून बहते हुए देखा और तुरंत एम्बुलेंस तथा थाना को फोन किया. इसके बाद पीछे से कार से आ रहे बुलेट सवार के परिचित उसे लेकर फरार हो गये. लगभग 15 मिनट में पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. घायल किशोर को अस्पताल भेजा गया और दोनों मोटरसाइकिल तथा शव को जब्त कर थाना ले जाया गया. अंत्यपरीक्षण के बाद शनिवार को मृतक को परिजनों को सौंप दिया गया.
दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत, किशोर गंभीर रूप से घायल
मझिआंव-बिसुनपुरा मुख्य पथ पर सोनपुरवा गांव के पास हुआ हादसा
