गढ़वा : थाना क्षेत्र के जोबरइया स्थित हरिओम नगर से 2 सितंबर को लापता हुई 87 वर्षीय राघो कुंवर का शव रविवार को दानरो नदी के किनारे से बरामद हुआ. वह स्वर्गीय शिवपूजन बिंद की पत्नी थीं. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलने के बाद गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. शव की पहचान राघो कुंवर के रूप में की गयी. घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है.
कई दिनों से चल रही थी तलाश
बताया जाता है कि राघो कुंवर 2 सितंबर से अपने घर से लापता थीं. परिजन उनकी लगातार खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिला. शव नहीं मिलने पर परिजनों ने पुतला तैयार कर अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया था. इसके बाद वे पुतला लेकर बनारस चले गये थे.
इसी बीच दानरो नदी के किनारे बुजुर्ग महिला का शव मिलने की सूचना मिली. पुलिस और परिजनों के स्तर पर पहचान की प्रक्रिया के बाद शव राघो कुंवर का होने की पुष्टि हुई.
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
