बिलैयतीखैर गांव में जंगली हाथी ने जमकर मचाया उत्पात- हाथी ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय की दीवार तोड़ी प्रतिनिधि, चिनिया प्रखंड के बिलैयतीखैर गांव में एक जंगली हाथी ने गुरुवार रात जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान हाथी ने सरकारी संपत्ति के साथ-साथ ग्रामीणों की फसलों को भी बर्बाद कर दिया. गुरुवार देर रात जंगली हाथी अचानक गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में घुस गया. हाथी ने स्कूल की घेराबंदी के लिए बनी दीवार पर धावा बोल दिया और लगभग 100 से 150 फीट तक बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया. हाथी के स्कूल परिसर में घुसने से ग्रामीणों में डर का माहौल उत्पन्न हो गया. स्कूल के बाद हाथी ने ग्रामीणों के खेतों और घरों को निशाना बनाया. गांव के प्रेम सिंह के खेत में लगी मकई की फसल को हाथी ने पूरी तरह रौंदकर और खाकर नष्ट कर दिया. इसके अलावा, रानी चेरी और उमेश सिंह के मिट्टी के घरों को भी हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि बीते कई दिनों इस हाथी के आतंक से स्थानीय लोग परेशान हैं. पीड़ित किसानों का कहना है कि उनकी साल भर की मेहनत एक ही रात में मिट्टी में मिल गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है. नुकसान का किया जा रहा आंकलन: प्रभारी वन पाल प्रभारी वन पाल अनिमेष कुमार ने कहा कि जंगली हाथी द्वारा स्कूल की चहारदीवारी तोड़े जाने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा क्षति का आंकलन किया जा रहा है. यदि सरकारी संपत्ति के नुकसान पर मुआवजा देने का प्रावधान होगा, तो नियमानुसार विद्यालय प्रबंधन को क्षतिपूर्ति दिलायी जायेगी. साथ ही, प्रभावित किसानों और ग्रामीणों के नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
