हरिहरपुर. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरिहरपुर गांव में नाग बाबा के समीप हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ विश्वरचिता भगवान विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.विश्वकर्मा पूजा को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला. पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
पूजा के दौरान दर्जनों दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों के साथ जेसीबी मशीन समेत अन्य वाहनों और मशीनरी की विधिवत पूजा की गई. वाहन एवं मशीन मालिकों ने अपने-अपने वाहनों को साफ कर फूल-माला से सजाया तथा भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर प्रसाद चढ़ाया.
पूजा के दौरान पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण एवं शिल्पकला का देवता माना जाता है. इसलिए हर वर्ष विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर वाहन, मशीन एवं औजारों की पूजा कर उनके सुरक्षित संचालन और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.
वहीं पूजा स्थल पर पूरे दिन ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही. बच्चों और युवाओं में भी पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया. मौके पर उपस्थित पुजा कमिटी के वरिष्ठ सदस्य मिथलेश कुमार राम ने बताया कि देर शाम को भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
