विशुनपुरा. मुख्यालय के पुरानी बाजार स्थित नवयुवक संघ द्वारा आयोजित गणेश पूजा महोत्सव का गुरुवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हो गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ विसर्जन जुलूस निकाला. जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे रास्ते गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा.
विसर्जन जुलूस पुरानी बाजार से शुरू होकर गांधी चौक पहुंचा. यहां पूजा समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद जुलूस गांधी चौक से चकचक मोड़, शंकर मोड़, लाल चौक होते हुए पोखरा स्थित विष्णु मंदिर के रास्ते नगदी जलाशय पहुंचा. यहां विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया.
जुलूस के दौरान श्रद्धालु गणेश जी की भक्ति में झूमते नजर आए. युवाओं के साथ बच्चे एवं बुजुर्ग भी जुलूस में उत्साहपूर्वक शामिल हुए. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.
गणेश पूजा महोत्सव एवं विसर्जन जुलूस को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा. जुलूस के मार्ग पर प्रशासन की निगरानी बनी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. सुरक्षा व्यवस्था के साथ जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया.
