गढ़वा फोरलेन बाइपास अभी चालू भी नहीं हुआ है, लेकिन इसपर लगातार दुर्घटना हो रही है. जाटा-सहिजना फोरलेन क्रॉसिंग के पास जहां मंगलवार को दुर्घटना हुई, वहां अब तक हुई सड़क दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि इससे अधिक लोग घायल हुए हैं. गौरतलब है कि रांची-विंढंगगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गढ़वा ऐ फोरलेन बाइपास का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है. इस कारण इसका उदघाटन नहीं हुआ है. लेकिन इस मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है. फोरलेन पर सड़क चौड़ी व खाली रहने के कारण इसपर चलनेवाले वाहन काफी तेज रफ्तार से गुजरते हैं. इस क्रम में क्रॉसिंग के पास अक्सर वाहनों की टक्कर हो जा रही है. आसपास के ग्रामीणों ने कहा कि जब फोरलेन बाइपास का निर्माण शुरू हो रहा था, उसी समय उन लोगों ने जाटा-सहिजना क्रॉसिंग के पास अंडर पास बनाने की मांग प्रशासन से की थी. उन्होंने बताया था कि यहां काफी वाहन गुजरते हैं तथा यह अति व्यस्त क्रॉसिंग है. इस कारण दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहेगी. लेकिन प्रशासन एवं एनएचआइ के अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी. उधर अचला गांव में कब्रिस्तान बचाने के लिए करोड़ों की लागत से ओवरब्रिज बनाया जा रहा है. मंगलवार को घटना के बाद प्रशासन पर गुस्सा उतारने की यही वजह बतायी जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
