प्रतिनिधि, गढ़वा . जिला परिषद सभागार में सोमवार को विकसित भारत जी रामजी योजना के प्रभावी और सुचारू क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जिले के सभी प्रखंडों से प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सह परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार पासवान, सहायक परियोजना पदाधिकारी विकाश कुमार वर्मा और कनीय अभियंता फिरोज अंसारी ने योजना के विभिन्न प्रावधानों, प्रक्रियाओं और क्रियान्वयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी.
रोजगार दिवस की सीमा 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन
अधिकारियों को बताया गया कि योजना के तहत रोजगार दिवस की सीमा 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गयी है. वहीं योजना के बेहतर संचालन और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए एडमिन फंड छह प्रतिशत से बढ़ाकर नौ प्रतिशत किया गया है. प्रशिक्षण के दौरान योजना के चार प्रमुख घटकों के अंतर्गत कुल 318 योजनाओं के क्रियान्वयन, चयन, अभिलेख संधारण, तकनीकी प्रक्रिया और ऑनलाइन कार्यों से संबंधित दिशा-निर्देश दिये गये.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में गूंजा लाठीचार्ज का विरोध: रांची में हुए लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी भाजपा
योजनाओं की प्रविष्टि अब केवल युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से
अधिकारियों को बताया गया कि योजना की सभी प्रविष्टियां अब केवल युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से ही की जायेंगी. इसके लिए डिजिटल प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी भी दी गयी और सटीक डेटा प्रविष्टि पर विशेष जोर दिया गया. मास्टर ट्रेनरों ने पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मियों की तकनीकी एवं प्रशासनिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया. उम्मीद जतायी गयी कि इससे जिले के सभी प्रखंडों में योजनाओं की प्रविष्टि और विकास कार्यों में तेजी आयेगी.
