गढ़वा: गढ़वा समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले के वरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रधान और विद्यालयों के प्रधानाचार्य शामिल हुए. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों का समय पर और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया.
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गोविंद इंटर कॉलेज (टाउन हॉल) मैदान में आयोजित होगा, जहां सुबह नौ बजे मुख्य ध्वजारोहण किया जायेगा. इसके अलावा उपायुक्त आवासीय कार्यालय में सुबह 8:10 बजे, समाहरणालय में 9:50 बजे, अनुमंडल कार्यालय गढ़वा में 10:15 बजे और पुलिस लाइन में 10:40 बजे ध्वजारोहण होगा. उपायुक्त ने बताया कि 14 अगस्त की शाम 5 बजे से टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जायेगा.
इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे. कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों और आम लोगों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने परेड पूर्वाभ्यास, शहर की साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन दल की तैनाती और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.
बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, 172 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण, डीएनओ धीरज प्रकाश, डीएसपी (मुख्यालय) यशोधरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को प्रभात फेरी और मुख्य समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जायेगा. जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और व्यापक मीडिया कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
