40 लाख की चोरी के तीन महीने बाद भी खुलासा नहीं, आक्रोश

बीते साल 24 दिसंबर को अपराधियों ने दिया था घटना को अंजाम

बीते साल 24 दिसंबर को अपराधियों ने दिया था घटना को अंजाम

प्रतिनिधि, विशुनपुरा

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के साथ-साथ व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है. अपर बाजार स्थित प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता के शुभलक्ष्मी वस्त्रालय सह मुन्ना ज्वेलर्स में हुई करीब 40 लाख रुपये की चोरी की घटना को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं. इस मामले में कोई ठोस सुराग या खुलासा नहीं होना स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है. जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की रात चोरों ने दुकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर बेहद सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था. अपराधियों ने सोना, चांदी और महंगे कपड़ों सहित लाखों रुपये की सामग्री की चोरी कर ली थी.. घटना के बाद पूरे विशुनपुरा क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और व्यवसायियों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला था. घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने एकजुट होकर 24 घंटे तक अपनी दुकानें बंद रखीं और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था. व्यापारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र होगा. उस समय प्रशासन ने आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया था.घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसपी और स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव स्वयं मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर व्यवसायियों को भरोसा दिलाया था कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जायेगी. इसके अलावा पुलिस प्रशासन ने जांच के लिए कई थानों के अधिकारियों की एक विशेष टीम भी गठित की थी, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी मामले का खुलासा नहीं हुआ. स्थिति और भी चिंताजनक तब हो गई जब इस बड़ी चोरी के महज एक महीने के भीतर ही लाल चौक जैसे व्यस्त इलाके में एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया. व्यवसायी अमित गुप्ता के मोटरसाइकिल में रखे सोना-चांदी से भरे बैग को अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट लिया. यह घटना पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा करती है. हैरानी की बात यह है कि इस मामले में भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई या खुलासा नहीं हो सका है. लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है. ग्रामीणों और व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन दोनों घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच करायी जाए, दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाये और क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ायी जाये, ताकि लोगों का विश्वास बहाल हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >