नारायण-नारायण के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण

नारायण-नारायण के जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण

प्रतिनिधि, विशुनपुरा पलामू प्रमंडल में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाला विशुनपुरा प्रखंड के पोखरा चौक स्थित प्रसिद्ध शेषशैया भगवान श्री विष्णु मंदिर का 19वां वार्षिकोत्सव सोमवार को भव्य कलश यात्रा व शोभा यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साह के बीच प्रारंभ हो गया. सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के शुभारंभ पर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी और पूरा विशुनपुरा भक्ति रस में डूबा नजर आया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अनंत प्रताप देव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा एवं भगवान विष्णु की शोभा यात्रा का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विशुनपुरा का विष्णु मंदिर पूरे पलामू प्रमंडल में आस्था और आकर्षण का केंद्र है. उन्होंने सात दिवसीय वार्षिकोत्सव को भव्य रूप देने के लिए विष्णु मंदिर विकास समिति को साधुवाद दिया. कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर लाल चौक, मेन रोड, थाना क्षेत्र होते हुए बांकी नदी तट तक पहुंची. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी जल से कलश भरे और पुनः मुख्य सड़क, अपर बाजार, गांधी चौक व पुरानी बाजार होते हुए शिव स्थान पर पूजा-अर्चना की. तत्पश्चात पोखरा चौक स्थित शिव स्थान पर जलाभिषेक कर यात्रा का समापन किया गया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, “नारायण-नारायण” के जयकारों और पुष्पवर्षा के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग में टैंकर से पानी का छिड़काव किया गया. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर स्वागत किया. मंदिर परिसर में विधि-विधान से कलश स्थापना संपन्न करायी गयी. वार्षिकोत्सव के अवसर पर झूलन मेला का भी आयोजन किया गया है. शाम सात बजे से प्रसिद्ध कथावाचक नीलम शास्त्री द्वारा श्रीहरि कथा का प्रवचन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होगा. आयोजन में विष्णु मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष नारायण शर्मा, सचिव गौरीशंकर गुप्ता, नवल किशोर गुप्ता, कोषाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष ललन प्रसाद गुप्ता, उपसचिव प्रभु राम, प्रवक्ता अजय प्रसाद यादव, व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, मदन गुप्ता, विहिप प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव, ललन गुप्ता, सचिन गुप्ता, त्यागी जी, संजय चन्द्रवंशी, छुनु ठाकुर, अर्जुन विश्वकर्मा, कृष्णा विश्वकर्मा, बलराम पासवान सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >