गढ़वा. नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा में ब्रह्माकुमारीज संस्था के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति शपथ अभियान चलाया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
भारत सरकार के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्माकुमारी बीके प्रिया बहन ने की. उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था भारत सरकार के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान चला रही है. इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज के विकास में बड़ी बाधा है. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को खुद नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: गरीबी में भी नहीं हारी मां की ममता: बेटे की सांसें बचाने के लिए आंचल फैलाकर मांग रही मदद
स्मार्टफोन की लत भी करता हैं जीवन को प्रभावित
विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशा केवल शराब, धूम्रपान और मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है. स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की अत्यधिक लत भी बच्चों और युवाओं के जीवन को प्रभावित कर रही है. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. मौके पर प्राचार्य संतोष पांडेय, अनुप कुमार पाण्डेय, नंदलाल गुप्ता, श्वेता पांडेय, धीरज पांडेय, अभिमन्यु शुक्ला, इम्तियाज खान, संदीप ठाकुर आदि उपस्थित थे.
