गढ़वा: पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गढ़वा का भ्रमण कर संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जायजा लिया. इस दौरान वह 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल हुए.
एसपी ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास के जरिए प्रशिक्षणार्थी सफल उद्यमी बन सकते हैं.
सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
समारोह के दौरान एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी प्रशिक्षणार्थियों को जागरूक किया. उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की.
कार्यक्रम के अंत में एसपी ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किये.
