गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
SIR in Garhwa: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के सफल और पारदर्शी संचालन को लेकर गढ़वा में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में 80 गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई. अनुमंडल कार्यालय में हुई इस बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों और बीएलए-1 ने भाग लिया. बैठक का मुख्य उद्देश्य पुनरीक्षण कार्यक्रम के हर चरण की जानकारी साझा करना और चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गलती न हो.
एसडीओ ने क्या कहा?
बैठक में एसडीओ कुमार मयंक भूषण ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया की रीढ़ होती है. यह बेहद जरूरी है कि हर पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल हो और जो अपात्र, मृत या स्थानांतरित हो चुके हैं, उनके नाम नियमानुसार हटाए जाएं. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान में प्रशासन का पूरा सहयोग करें और अपने स्तर पर भी जागरूक भूमिका निभाएं. उन्होंने दलों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलए-2 को बीएलओ के साथ नियमित तालमेल बनाए रखने के लिए प्रेरित करें.
ये लोग भी बैठक में मौजूद
इस बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू), झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सहित अलग-अलग दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. इसके अलावा कार्यपालक दंडाधिकारी और अनुमंडल कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे.
पुनरीक्षण-2026 का पूरा शेड्यूल
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की संपूर्ण प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम की समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई, जो इस प्रकार है:
30 जून से 29 जुलाई 2026: गणना चरण (घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य) संचालित होगा.
29 जुलाई 2026: मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन (युक्तिकरण) किया जाएगा.
5 अगस्त 2026: मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) का प्रकाशन होगा.
5 अगस्त से 4 सितंबर 2026: प्रारूप सूची पर दावा और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी.
5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026: प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन (निपटारा) किया जाएगा.
7 अक्टूबर 2026: सभी प्रक्रियाओं के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड कैबिनेट का फैसला: 12 से कम पंचायत वाले प्रखंडों में अब बीडीओ-सीओ में से कोई एक ही
यह भी पढ़ें: हजारीबाग प्रतिभा सम्मान: 936 टॉपरों को प्रभात खबर ने किया सम्मानित, बोले- आज के समय में ‘स्मार्ट’ बनना जरूरी
यह भी पढ़ें: RIMS News: रिम्स में MBBS, PG और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में होगी बढ़ोतरी, केंद्र से मांगी जाएगी मदद
