प्रतिनिधि, धुरकी सगमा प्रखंड के बीरबल पंचायत में मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा की पहल और ग्रामीणों के श्रमदान का सकारात्मक परिणाम अब दिखने देने लगा है. पंचायत क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर दूसरी ग्रामीण सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है. मुख्य सड़क से जुड़ने के बाद ग्रामीणों ने मुखिया के प्रति आभार जताया है. जानकारी के अनुसार चार दिन पहले मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने मकरी गांव के एक सड़कविहीन टोले में निजी खर्च और ग्रामीणों के श्रमदान से लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया था. इससे प्रेरित होकर बीरबल गांव के एक अन्य सड़कविहीन टोले के लोगों ने भी सड़क निर्माण की मांग की. इसके बाद मुख्य पथ से बिनोद यादव के घर तक करीब 800 मीटर सड़क निर्माण की योजना बनायी गयी. इस दौरान मुखिया ने जेसीबी मशीन उपलब्ध करायी, जबकि भागवत प्रजापति ने एक ट्रैक्टर के लिए डीजल की व्यवस्था की. अन्य ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर अतिरिक्त ट्रैक्टरों का खर्च उठाया. ग्रामीणों के श्रमदान से कुछ ही घंटों में लगभग 800 मीटर सड़क तैयार हो गयी. 40 वर्ष बाद सड़क पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी इलाके में करीब 40 वर्ष बाद टोले तक सड़क पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. टोला वासियों ने मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नांदगोपाल यादव तथा देवराज प्रजापति के प्रति आभार व्यक्त किया. सड़क निर्माण में बिनोद यादव, भागवत प्रजापति, लालमन गुप्ता, मनोज यादव, अनसू विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, शंकर विश्वकर्मा, सुधीर प्रजापति, राम प्यारी यादव, कामेश्वर गुप्ता, बिमलेश गुप्ता, राकेश विश्वकर्मा, उदय यादव, अमरनाथ यादव, अंकित गुप्ता, राजकुमार यादव, चुनमुन यादव और नगीना यादव आदि ने श्रमदान किया.
श्रमदान और जनसहयोग से एक सप्ताह में बनी दूसरी सड़क
श्रमदान और जनसहयोग से एक सप्ताह में बनी दूसरी सड़क
