बारिश से पूर्व नदी की अधिकतम सफाई पूरी करने की योजना : एसडीएम

बारिश से पूर्व नदी की अधिकतम सफाई पूरी करने की योजना : एसडीएम

प्रतिनिधि, गढ़वा जनसहभागिता और प्रशासनिक सहयोग से संचालित आपन सरस्वतिया अभियान के तहत शनिवार को लगातार 20वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग एवं जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहा. अभियान टाउन हॉल के पीछे, प्रखंड कार्यालय के सामने, वार्ड संख्या छह तथा मेराल प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में चलाया गया. इस दौरान नदी में जमा गाद, कूड़ा-कचरा और अन्य अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह को सुचारू बनाने का कार्य किया गया. स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और नदी संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी. अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की सचिव निभा रंजना लकड़ा, एक दर्जन से अधिक पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) तथा अन्य सदस्य शामिल हुए. उन्होंने नदी तट का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और नदी स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष मनोज प्रसाद के निर्देश पर सरस्वती नदी को कचरा मुक्त बनाने के लिए पीएलवी की विशेष टीम भी गठित की गयी. यह टीम ग्रामीणों, दुकानदारों और आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाकर नदी को प्रदूषण मुक्त रखने का प्रयास करेगी. अभियान के दौरान संतोष केशरी, राकेश पाल सहित कई नए सदस्य भी जुड़े. वहीं गढ़वा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता और समाजसेवी विकास माली का सहयोग अभियान को लगातार मजबूती दे रहा है. अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि 20 दिनों से लगातार चल रहा यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है. उन्होंने बताया कि मानसून को देखते हुए नदी सफाई और डी-सिल्टिंग कार्य में तेजी लायी जा रही है. रविवार को और अधिक जेसीबी मशीनों के लगने की संभावना है ताकि शेष कार्य जल्द पूरे किये जा सकें. उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होने के बाद नदी में जलभराव बढ़ने पर डी-सिल्टिंग कार्य कठिन हो जायेगा. इसलिए प्रयास है कि मानसून से पहले अधिकतम सफाई कार्य पूरा कर लिया जाये. उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों और संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता के बल पर नदी के अधिक से अधिक हिस्सों को साफ और अवरोधमुक्त बनाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा. नदी को स्वच्छ रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी डीएलएसए सचिव निभा रंजना लकड़ा ने कहा कि नदी को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है. उन्होंने लोगों से नदी में प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरा नहीं फेंकने की अपील की. उन्होंने आपन सरस्वतिया अभियान से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >