प्रतिनिधि, गढ़वा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को गढ़वा जिले के गढ़वा व भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किये गये. शिविरों में संबंधित बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहे तथा उनके पास उन मतदाताओं की सूची उपलब्ध रही जिनकी मैपिंग अब तक नहीं हो सकी है. इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं अन्य अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर शिविरों की व्यवस्था और कार्यों का निरीक्षण किया. उप निर्वाचन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि रविवार को भी इसी प्रकार सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाये जायेंगे. उन्होंने मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करने तथा यह सुनिश्चित करने की अपील की कि उनका नाम अनमैप्ड मतदाताओं की सूची में शामिल तो नहीं है. उन्होंने बताया कि मतदाता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की वेबसाइट पर जाकर भी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची देख सकते हैं. संबंधित लिंक के माध्यम से अपने बूथ की सूची प्राप्त कर मैपिंग की स्थिति की जानकारी ली जा सकती है. संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि केवल मैपिंग नहीं होने के आधार पर किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जायेगा. हालांकि जिन मतदाताओं की मैपिंग लंबित रहेगी, उन्हें भविष्य में आवश्यक सूचना या नोटिस मिलने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होना पड़ सकता है तथा अतिरिक्त औपचारिकताओं का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि सबसे अधिक ऐसे मामलों में महिलाओं की मैपिंग छूटी है जिनका मायका दूसरे जिले या राज्य में है. ऐसी महिलाएं अपने मायके के विधानसभा क्षेत्र और बूथ संबंधी जानकारी बीएलओ को उपलब्ध कराएं ताकि प्रक्रिया पूरी हो सके. उन्होंने मतदाताओं से अगले दो दिनों के भीतर मैपिंग प्रक्रिया पूरी कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी.
अभियान में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ पर कार्रवाई होगीउप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों से बीएलओ के अनुपस्थित रहने की सूचना मिली है. ऐसे सभी मामलों में कारण-पृच्छा करते हुए स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को रविवार को भी निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.
