प्रतिनिधि, गढ़वा जिले में पर्यटन की संभावनाओं को नयी दिशा देने तथा अधिसूचित पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित की गयी. बैठक में परिषद के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में ब्रह्म स्थान लगमा खजूरी में विवाह मंडप एवं शौचालय निर्माण कराने का निर्णय लिया गया. वहीं गढ़वा स्थित रामलला मंदिर में पार्क, विवाह मंडप और शौचालय निर्माण के प्रस्ताव प्रस्तुत किये गये. मां गढ़देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय निर्माण पर भी सहमति बनी. पर्यटन स्थलों के विकास को बढ़ावा देने के लिए सतबहिनी झरना मंदिर व अन्नराज डैम को पर्यटन श्रेणी ‘बी’ से ‘ए’ में अपग्रेड करने का प्रस्ताव पारित किया गया. इससे इन स्थलों के विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त होगा. बैठक में राजा पहाड़ी शिव मंदिर, श्री बंशीधर नगर मंदिर, गुरु सिंधु जलप्रपात, खोनहरनाथ मंदिर, छठ घाट, बीरबंधा खजूरी डैम, चटनियां डैम, मथुरा बांध, सतबहिनी जलप्रपात, जिरुआ डैम, सुखलदरी जलप्रपात, नक्षत्र वन, बंडा पहाड़ और सरूअत पहाड़ सहित जिले के लगभग 27 पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई. पर्यटकों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी. साथ ही पर्यटन कैलेंडर, पर्यटन महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड फेस्टिवल और एडवेंचर गतिविधियों के आयोजन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया.
सतबहिनी झरना मंदिर व अन्नराज डैम को पर्यटन श्रेणी बी से ए में अपग्रेड करने का प्रस्ताव पारित
सतबहिनी झरना मंदिर व अन्नराज डैम को पर्यटन श्रेणी बी से ए में अपग्रेड करने का प्रस्ताव पारित
