भवनाथपुर टाउनशिप में सेल प्रबंधन ने काटी बिजली, 763 आवास अंधेरे में

विधानसभा में गूंजा मामला, समाधान का मिला आश्वासन

विधानसभा में गूंजा मामला, समाधान का मिला आश्वासन

– बिजली कटने से पेयजल आपूर्ति भी हुई ठप

– स्थानीय लोगों ने कहा- यह तानाशाही

प्रतिनिधि, भवनाथपुर

सेल की भवनाथपुर टाउनशिप में बुधवार को प्रबंधन द्वारा बिजली कनेक्शन काटे जाने से सैकड़ों परिवारों में हाहाकार मच गया. कुल 763 आवासों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गयी, जिससे पूरे परिसर में अंधेरा छा गया है. बिजली कटने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गयी है और सीबीएसइ बोर्ड की परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. करीब पांच दशक पुरानी इस औद्योगिक नगरी को कभी एशिया के सबसे बड़े क्रशिंग प्लांट के लिए जाना जाता था. लेकिन अब टाउनशिप ‘ब्लैक आउट’ की स्थिति से गुजर रही है. प्रबंधन ने देर शाम कमर्शियल कनेक्शन हटाकर घरेलू कनेक्शन लिया और इसी प्रक्रिया में 763 आवासों को अवैध बताते हुए उनका कनेक्शन काट दिया. स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण बताया है. मामला झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में भी उठा. भवनाथपुर के विधायक अनंत प्रताप देव ने सदन में कहा कि बिजली-पानी बंद होने से बच्चों की परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं. इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आश्वासन दिया कि वे गढ़वा उपायुक्त दिनेश यादव से बात कर शीघ्र समाधान करायेंगे.

लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

विधायक के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने सेल प्रशासन से वार्ता की, लेकिन अधिकारियों ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया. वार्ता विफल होने के बाद लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रभावित परिवारों का आरोप है कि प्रबंधन दोहरी नीति अपना रहा है. अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पर आपत्ति नहीं है, लेकिन टाउनशिप के निवासियों को अवैध बताकर कनेक्शन काट दिया गया है. वर्तमान में भवनाथपुर में सेल की घाघरा चूना पत्थर और तुलसीदामर डोलोमाइट खदान बंद हैं. क्रशिंग प्लांट भी नीलाम हो चुका है और केवल 9–10 कर्मचारी कार्यरत हैं. बताया जा रहा है कि हर माह 15 से 20 लाख रुपये के बिजली बिल से बचने के लिए यह कदम उठाया गया.

गुनाह छिपाने के लिए सदन का सहारा ले रहे अनंत: भानु

भवनाथपुर. टाउनशिप में बिजली और पानी काटे जाने के मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है. भवनाथपुर के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विधायक अनंत प्रताप देव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा पहले क्रशर प्लांट को बंद कराया गया और अब सदन में यह मुद्दा उठाकर गुनाहों को छिपाने की कोशिश की जा रही है. भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि टानउनशिप की आज जो दुर्दशा हो रही है, उसके पीछे वर्तमान विधायक की नीतियां हैं. भानु ने अपने पोस्ट में लिखा कि पहले क्रशर प्लांट कटवाया, फिर पानी-बिजली कटवाया और अब अपने गुनाह छिपाने के लिए सदन का सहारा ले रहे हैं अनंत प्रताप देव जी. पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल की याद दिलाते हुए दावा किया कि बिजली का पोल मैंने ही पूरे टाउनशिप में लगवाया था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >