छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने किया चक्का जाम
रंका,गढ़वा: रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रंका प्रखंड में चक्का जाम किया. कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए रंका चेकनाका पहुंचे और दोपहर 12 बजे से एक बजे तक सड़क जाम रखा. इससे अंबिकापुर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन प्रभावित रहा.
जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. इसके बाद वाहनों का परिचालन शुरू हुआ.
जाम के दौरान जैप के दारोगा सीताराम उरांव भी करीब एक घंटे तक फंसे रहे. वह भंडरिया से गढ़वा जा रहे थे. जाम समाप्त होने के बाद वह आगे रवाना हुए.
चक्का जाम में विधायक प्रतिनिधि मुरारी यादव, भाजपा नेता संतोष तिवारी, उत्तम पांडेय, बसंत प्रसाद, बलराम यादव, वंशी यादव, भोला ठाकुर, उपेंद्र प्रसाद, चप्पू चंद्रवंशी, मनोज ठाकुर, वीरेंद्र राम, चंदन कुमार तिवारी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे.
