प्रतिनिधि, गढ़वा आपन सरस्वतिया अभियान के तहत शुक्रवार को लगातार 12वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा. नवादा क्षेत्र में नदी की सफाई कर उसके प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने का काम किया गया. अभियान के दौरान नदी में जमा गाद, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थ हटाये गये. स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और नदी संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखायी. सफाई और डी-सिल्टिंग कार्यक्रम के प्रायोजक सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी रविकांत दुबे ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया. अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने उनके योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति उत्तरदायित्व और जनहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया. उन्होंने अन्य लोगों से भी इस प्रकार की स्वैच्छिक भागीदारी की अपील की. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आपन सरस्वतिया अभियान अब एक व्यापक जनअभियान बन गया है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्ग स्वेच्छा से योगदान दे रहे हैं. मेराल क्षेत्र में भी नदी की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य लगातार जारी है. प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से नदी के प्राकृतिक प्रवाह को पुनर्जीवित किया जा रहा है. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण दिवस के अवसर पर सफाई में योगदान देने वाले लोगों ने पर्यावरण संरक्षक होने का व्यावहारिक उदाहरण पेश किया है. जागरूकता बढ़ाने की अपील की एसडीएम ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया और लोगों से अपील की कि वे नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाये रखने में मदद करें और सफाई के बाद गंदगी फैलाने वालों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ायें. उन्होंने कहा यदि ऐसा जन समर्थन लगातार मिलता रहा तो सरस्वतिया नदी के पूर्ण पुनर्जीवन तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा.
नदी की सफाई कर जिलेवासी दिखा रहें सच्चा पर्यावरण प्रेम: एसडीएम
नदी की सफाई कर जिलेवासी दिखा रहें सच्चा पर्यावरण प्रेम: एसडीएम
