लगातार बारिश से रमकंडा में जनजीवन अस्त-व्यस्त, आधा दर्जन गांवों का संपर्क कटा

रमकंडा में लगातार बारिश से पुलिया और डायवर्सन क्षतिग्रस्त होने के कारण आधा दर्जन गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है.

रमकंडा. अगस्त महीने में लगातार हो रही बारिश ने रमकंडा प्रखंड में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. बारिश और नदियों के बढ़े जलस्तर के कारण कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क बाधित हो गया है. विभिन्न सड़कों पर बनी पुलिया, छलका, डायवर्सन और गार्डवाल क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

बारिश में बहा डायवर्सन, गांवों का संपर्क टूटा

बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का असर क्षेत्र में बना हुआ है, जिसके कारण रुक-रुक कर बारिश जारी है. उदयपुर-चेटे निर्माणाधीन सड़क पर पटसर और चेटे के समीप डायवर्सन की मिट्टी बह जाने तथा पटसर में गार्डवाल टूटने से आवागमन ठप हो गया है. इससे ग्रामीणों को करीब 20 किमी दूर स्थित प्रखंड मुख्यालय पहुंचने में परेशानी हो रही है. ग्रामीण गोपाल परहिया, शोभा देवी, रामनाथ परहिया, मंगरु परहिया, उमेश कोरवा, सुंदर कोरवा, निर्मला देवी व प्रताप कुमार ने मरम्मत की मांग की है. इसी तरह रमकंडा-गोबरदाहा मुख्य मार्ग में बागेसोती नाला की पुलिया बह जाने से गोबरदाहा और बलिगढ़ गांव का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है.

बारिश से कई रास्ते हुए बंद

मुखिया विनोद प्रसाद ने उपायुक्त को पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है. वैकल्पिक मार्ग में जुतीडूमर नदी पर पुल नहीं होने के कारण बरसात में वह रास्ता भी बंद हो जाता है. रमकंडा-मंगराही मार्ग पर कोपीनाला और दाहो गांव की बड़ी नदी में बना छलका क्षतिग्रस्त होने से रक्सी पंचायत के रक्सी, नुनगाछ, बेलवादामर और मंगराही गांव के लोगों को परेशानी हो रही है. इसका असर भंडरिया प्रखंड के पाट कछारवा, बिजका और फकीराडीह के लोगों पर भी पड़ा है. उदयपुर के गेडूडा नदी में बाढ़ के दौरान छलका बह जाने से आवागमन बंद है.

बच्चों की पढ़ाई पर बारिश की मार

स्कूली बच्चे नदी पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं. वहीं प्रखंड मुख्यालय के राजकीय मध्य विद्यालय के समीप स्कुलिया अहरा का बांध टूटने से बच्चों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. मंगराही हरिजन टोला की पुलिया बहने से सैकड़ों लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है.

ये भी पढ़ें: तेज बारिश ने खोली नए बांध की मजबूती की पोल, नक्षत्र वन का रास्ता बाधित

घर की दीवार गिरी, घरेलू सामान दबे

लगातार बारिश से कच्चे घरों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. मंगलवार सुबह बिराजपुर पंचायत के बरवा गांव में हरौनी केरकेट्टा के घर की दीवार गिर गयी. इससे घर में रखा करीब 50 किलो चावल समेत कई घरेलू सामान दब कर बर्बाद हो गये. सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि शिवलखन लखड़ा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त पुलिया, छलका और रास्तों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: Garhwa Weather : भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रशासन की एडवाइजरी, घर में सुरक्षित रहने की अपील

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >