रमकंडा, गढ़वा : रमकंडा बाजार स्थित मंदिर परिसर में रविवार को श्री दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर आम बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता के लिए सर्वसम्मति से डॉ. प्रकाश कुमार गुप्ता का चयन किया गया. बैठक में ग्रामीणों और पूजा समिति के सदस्यों ने पुरानी समिति को ही वर्ष 2026 में यथावत रखने का निर्णय लिया. हालांकि, कोषाध्यक्ष पद पर बदलाव किया गया.
अभिषेक कुमार बने अध्यक्ष
वर्ष 2026 के लिए अभिषेक कुमार को अध्यक्ष, अमरेश पासवान को उपाध्यक्ष, विजय प्रसाद को सचिव और अनुप प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया. विनोद राम को उप-कोषाध्यक्ष, धर्मेंद्र प्रसाद को महामंत्री, सूरज कुमार को मंत्री और अरुण कुमार को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी.
वहीं नंदन गुप्ता, शुभम गुप्ता और लड्डू गुप्ता को सफाई मंत्री बनाया गया. डॉ. प्रकाश कुमार गुप्ता, संतोष सोनी और श्रवण प्रसाद (गोरख जी) को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गयी.
विजयादशमी पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव को आकर्षक और भव्य बनाने को लेकर कई निर्णय लिये गये. पुराने टेंट को ही बुक करने तथा पूजा-अर्चना के लिए बाहर से विद्वान पंडित और आचार्य को आमंत्रित करने पर सहमति बनी. विजयादशमी के दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया.
इसके अलावा पूजा परिसर में साउंड, लाइट और आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया. संध्या आरती के दौरान विशेष व्यवस्था और आरती प्रदर्शन कराने का भी निर्णय लिया गया.
बैठक में ग्रामीणों और समिति सदस्यों ने सामूहिक सहयोग से दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया.
