भवनाथपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट
गढ़वा . भवनाथपुर प्रखंड के पंडरिया पंचायत स्थित एनपीएस आदिवासी टोला घाघरा विद्यालय की स्थिति लगातार हो रही बारिश के कारण बदहाल हो गयी है. पिछले तीन दिनों से बारिश के दौरान विद्यालय की छत से पानी लगातार कमरों के अंदर टपक रहा है. इससे बच्चों को पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है.
जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे
बारिश के कारण कक्षाओं का फर्श गीला हो जा रहा है. ऐसे में छोटे बच्चों को बैठकर पढ़ाई करने में परेशानी होती है. शिक्षकों को भी पठन-पाठन कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लगातार बारिश के कारण जर्जर भवन को और नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है.
आदिम जनजाति के बच्चे हो रहे परेशान
विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक आदिम जनजाति के छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं. बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा की भी चिंता सताने लगी है.
विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता अमित यादव और ग्रामीण धर्मेंद्र कोरवा ने बताया कि विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से खराब है. इसके बावजूद अब तक इसकी मरम्मत के लिए ठोस पहल नहीं की गयी. ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि विद्यालय की बदहाल स्थिति की जानकारी शिक्षा विभाग को अब तक क्यों नहीं है. इससे विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: गढ़वा की 14 ग्रामीण सड़कों का रोडवार स्टेटस सांसद को भेजा गया, सिर्फ 3 सड़कें PMGSY-4 में शामिल
तत्काल मरम्मत की मांग
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय का तत्काल निरीक्षण कराने और छत की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई की सुविधा मिलनी चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बारिश के दौरान समय रहते भवन की मरम्मत नहीं करायी गयी तो कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है. अब देखना है कि शिक्षा विभाग विद्यालय की समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है.
