प्रतिनिधि, रमाना
रमना प्रखंड के भागोडीह गांव स्थित छतवा टोला निवासी तैयब अंसारी के पोल्ट्री फार्म में बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे अचानक आग लग गयी. इस अग्निकांड में करीब 1500 मुर्गियां, एक मोटरसाइकिल, मुर्गियों का दाना व अन्य उपकरण जलकर राख हो गये. घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार दोपहर के समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे. तभी पोल्ट्री फार्म से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे. देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण फार्म में रखी अधिकांश सामग्री को बचाया नहीं जा सका. पीड़ित तैयब अंसारी ने बताया कि फार्म में करीब 1500 मुर्गियां तैयार की जा रही थीं, जो आग में जलकर मर गयी. इसके अलावा परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. मुर्गियों के लिए रखा गया करीब 20 हजार रुपये मूल्य का दाना भी जल गया. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जतायी जा रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और पीड़ित परिवार को राहत एवं मुआवजा देने की मांग की है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.