रमना. प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल को लेकर फैली अफवाह के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अफवाहों के चलते बड़ी संख्या में लोग डिब्बा और बोतल लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं और घंटों लाइन में खड़े होकर पेट्रोल लेने का इंतजार कर रहे हैं. शुक्रवार को भी रमना के पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार दिखी. कई लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ डिब्बा और बोतल में भी पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगे रहे. पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ने से आम लोगों को काफी परेशानी हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया और आपसी चर्चा के माध्यम से यह खबर फैल गयी कि पेट्रोल की कमी होने वाली है. इसी वजह से लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही पेट्रोल जमा करने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे. इसके कारण अचानक भीड़ बढ़ गयी और लंबी कतार लग गयी. इस संबंध में रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि लोग बेवजह घबराकर पेट्रोल जमा करने की कोशिश न करें. इससे अनावश्यक भीड़ और परेशानी बढ़ती है. उन्होंने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.
अफवाह से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी लोगों की भीड़
अफवाह से पेट्रोल पंपों पर उमड़ी लोगों की भीड़
