गढ़वा : झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, पर्यटन तथा खेलकूद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर सोमवार को ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शोकसभा आयोजित की गयी. विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी, सचिव आलोक सोनी, प्रबंधन समिति सदस्य धीरज राज, प्रधानाचार्य निरकेष शर्मा समेत शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि दी.
एक मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
शोकसभा के दौरान विद्यालय परिवार ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से झारखंड ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और जनसेवक को खो दिया है. उनका निधन राज्य और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है.
विद्यालय परिवार ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.
