गढ़वा: मेराल थाना क्षेत्र के तेनार गांव निवासी स्वर्गीय कालीचरण साह के पुत्र रत्न साह (70 वर्ष) की शुक्रवार को मोटरसाइकिल दुर्घटना में मौत हो गयी.
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि रत्न साह घर से खाना खाने के बाद सब्जी लेने के लिए मेराल बाजार गये थे. वहां से सब्जी लेकर वापस घर लौट रहे थे. इसी क्रम में गोना गांव के पास स्थित ओवरब्रिज के समीप उनकी लूना में एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें हायर सेंटर ले जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान उनकी मौत हो गयी.
यह भी पढ़ें : Latehar News: नक्सल प्रभावित क्षेत्र के 20 युवाओं को मिलेगा मोटर ड्राइविंग का प्रशिक्षण, SSB ने शुरू किया 26 दिवसीय कार्यक्रम
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गढ़वा सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. समाचार लिखे जाने तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था.
