खरौंधी. थाना क्षेत्र के कूपा गांव के रेखाडीह टोला निवासी छोटेलाल साव की पत्नी चांदनी देवी (20) की रविवार को इलाज के दौरान मेदनीनगर ले जाने के क्रम में मौत हो गयी. मेदनीनगर में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर शाम शव कूपा गांव पहुंचा, जिसके बाद गांव में मातम छा गया.
शव पहुंचने के बाद मायके वालों ने किया हंगामा
बताया गया कि शव गांव पहुंचने के समय मृतका का पति छोटेलाल साव घर पर नहीं था. इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए चांदनी देवी की हत्या किये जाने का आरोप लगाया. मौके पर मौजूद गोरखनाथ चौधरी ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया. सूचना मिलने पर खरौंधी थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची.
सास-ससुर समेत चार लोगों पर आरोप
मृतका के उत्तर प्रदेश के कोन थाना क्षेत्र के निगाई निवासी भाई विजय साव ने खरौंधी थाना में आवेदन देकर अपनी बहन के सास, ससुर, भसुर और गोतनी पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने कहा- आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज
खरौंधी थाना प्रभारी गौतम कुमार गुलशन ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और एफआईआर दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
