मझिआंव: मां-बेटी की संदेहास्पद मौत, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

मझिआंव थाना क्षेत्र के कामत गांव में सोमवार की रात मां और उसकी आठ वर्षीय पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी.

मझिआंव (गढ़वा). मझिआंव थाना क्षेत्र के कामत गांव में सोमवार की रात मां और उसकी आठ वर्षीय पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतकों में सउद खान की पत्नी यासमीन खातून (30 वर्ष) और उसकी पुत्री अन्नी फातिमा शामिल हैं. घटना में छह वर्षीय छोटी पुत्री अनिस्वा फातिमा सुरक्षित बच गयी हैं.

परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे मृतका के कमरे से आवाजें सुनाई दीं. देवर शाहिद खान और उसकी पत्नी ने दरवाजा खटखटाया. काफी देर बाद बच्ची अन्नी ने दरवाजा खोला. अंदर यासमीन छटपटा रही थीं. उन्हें तत्काल मझिआंव रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद अहले सुबह करीब 4:30 बजे बड़ी बेटी अन्नी की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने पर उसे भी मृत घोषित कर दिया गया.

परिजनों का कहना है कि यासमीन ने बच्चों को कीटनाशक खिलाकर खुद भी खा लिया. हालांकि ग्रामीणों और मायके वालों ने इस पर सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि यदि जहर दिया गया होता तो मां और बेटी की मौत के बीच पांच घंटे का अंतर नहीं होता. मृतका के पिता शमशाद शेख (मोहम्मदगंज निवासी) ने संदेह जताया कि उन्हें मौत की सटीक जानकारी नहीं दी गयी और शक है कि इसके पीछे ससुराल पक्ष का हाथ हो सकता है.

घटना की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा सदर एसडीपीओ नीरज कुमार, पुलिस निरीक्षक बृज कुमार और थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए मृतका के कमरे को सील कर दिया है.

एसडीपीओ नीरज कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खुरानी का प्रतीत होता है, लेकिन मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. घटना के समय मृतका का पति सउद खान बाहर काम पर गया था. घर में केवल सास, देवर और देवरानी मौजूद थे. ससुराल पक्ष ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया, लेकिन मायके वालों के दबाव पर शव को गढ़वा भेजा गया. फिलहाल सुरक्षित बची छह वर्षीय पुत्री अनिस्वा से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >