श्री बंशीधर नगर (गढ़वा). श्री बंशीधर नगर प्रखंड के कधवन गांव में करीब 230 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए कथित तौर पर फॉर्म-7 भरे जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के बाद गांव में इसे लेकर चर्चा और नाराजगी का माहौल है.
मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने SDO को दिया आवेदन
बुधवार को पंचायत के मुखिया फिरदौस अंसारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर मिर्धा को लिखित आवेदन सौंपा. ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाये जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है.
230 मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार बूथ संख्या 271, 272 और 273 से जुड़े करीब 230 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से फॉर्म-7 भरे गये हैं.
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन फॉर्म को संबंधित बीएलओ के पास जमा किया गया और उनकी रिसीविंग भी ली गयी. ग्रामीणों ने दावा किया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित फॉर्म की प्रतियां भी अपने पास रख ली हैं.
लोगों के नाम हटाने का आरोप
ग्रामीणों ने शिकायत में कहा है कि जिन मतदाताओं के नाम से फॉर्म-7 भरे गये हैं, वे जीवित हैं और वर्तमान में कधवन गांव में ही रह रहे हैं. इसके बावजूद उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने का कथित प्रयास किया गया. ग्रामीणों ने निर्वाचन विभाग से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है.
हस्ताक्षर को लेकर भी सवाल
शिकायतकर्ताओं ने कुछ फॉर्म-7 में संबंधित मतदाताओं के बजाय दूसरे लोगों द्वारा हस्ताक्षर किये जाने का भी आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच के दौरान फॉर्म में दर्ज जानकारी और हस्ताक्षर का सत्यापन कराया जाये. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि फॉर्म किसने भरे और उसमें दर्ज जानकारी कितनी सही है.
दो BLO की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने भाजपा की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट रामविजय सिंह, पिता स्व. नगीना सिंह, निवासी भैसबेढ़वा और राजू मेहता, पिता घुरन मेहता, निवासी कधवन की भूमिका पर भी सवाल उठाये हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों की ओर से फॉर्म-7 भरने, बीएलओ से उसकी रिसीविंग लेने और उसे पार्टी कार्यालय में जमा करने की बात स्वीकार की गयी है. हालांकि, इन आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन
शिकायत करने वालों में मुखिया फिरदौस अंसारी के अलावा सफी शेख, वकील अंसारी, कुदुस अंसारी, असलम अंसारी, जफर इकबाल, जब्बार अंसारी, अहमद अंसारी, चंगेज अंसारी, फिरोज आलम, अंजार हुसैन, लाल मोहम्मद अंसारी, मोख्तार अंसारी, हामिद अंसारी, वाहिद साह, नसीम अंसारी, हजरत अली और नजुबुल्लाह अंसारी समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में भारी बारिश से फसलों को नुकसान, डीसी ने लिया जायजा, पारदर्शी आकलन का दिया निर्देश
क्या कहते हैं एसडीओ
निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीओ प्रभाकर मिर्धा ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है. मामला गंभीर है और पूरे मामले की जांच करायी जायेगी. जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है. बिना उचित कारण और निर्धारित प्रक्रिया के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जायेगा.
