रमना,गढ़वा: केंद्र सरकार द्वारा लाये गये एमएमआरडी बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुलहरि बांध स्थित पार्टी कार्यालय में विरोध कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम में विधायक अनंत प्रताप देव, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी और झामुमो जिला समिति सदस्य ताहिर अंसारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिल को अविलंब वापस लेने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है. यहां के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर स्थानीय लोगों का पहला अधिकार है. केंद्र सरकार को राज्य के अधिकारों की अनदेखी बंद कर जनहित में नीतियां बनानी चाहिए.
झामुमो नेताओं ने कहा कि पार्टी राज्य के हितों और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी.
यह भी पढ़ें : Garhwa News: खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में सगमा बाजार में जली विधेयक की प्रति, विपक्षी दलों ने किया प्रदर्शन
सात सितंबर को प्रखंड कार्यालय पर धरना
आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा के बाद झामुमो नेताओं ने सात सितंबर को रमना प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की. साथ ही आम जनता के बीच इस मुद्दे को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर मेहता, अनुज कुमार, नरेश गुप्ता, राकेश सिंह, भृगुण पासवान समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे.
