बंद घर से 12 लाख के जेवर व तीन लाख नकद की चोरी

भांजे के तिलक समारोह में घर में ताला लगाकर गया था परिवार

भांजे के तिलक समारोह में घर में ताला लगाकर गया था परिवार प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा थाना क्षेत्र के बिशुनपुर नाहर रोड स्थित एक किराए के मकान में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मकान का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग तीन लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया प्राप्त जानकारी के अनुसार, शशिकांत मिश्रा के मकान में किराये पर रहने वाले राकेश प्रसाद गुरुवार शाम पूरे परिवार के साथ अपने भांजे के तिलक समारोह में शामिल होने गये थे. घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पड़ोसी की छत के सहारे मकान में प्रवेश किया. चोरों ने छत का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद आलमारी के लॉकर तोड़े और कीमती जेवरात व नकदी चोरी कर ली. शुक्रवार सुबह जब राकेश प्रसाद सपरिवार घर लौटे और मुख्य द्वार खोला, तो घटना की जानकारी मिली. पीड़ित ने बताया कि चोर तीन लाख रुपये नकद के साथ भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने ले गये हैं. कुल नुकसान का आकलन 15 लाख रुपये से अधिक किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. हालांकि, मोहल्ले के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी गयी. स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस की नियमित गश्त न के बराबर है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >