घनश्याम सोनी की रिपोर्ट बड़गड़(गढ़वा). झारखंड को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाला बड़गड़-उगरा मार्ग इन दिनों बदहाल है. सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गये हैं. लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क पर आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है. कई जगह सड़क और गड्ढे में अंतर करना भी मुश्किल हो रहा है.
रात के समय बढ़ जाता है दुर्घटना का खतरा
बड़गड़ बाजार से उगरा होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा पर कनहर नदी पुल तक कई स्थानों पर सड़क जर्जर हो चुकी है. पानी से भरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. रात के समय इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं और वाहनों में भी खराबी आ रही है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा : 3 दिन की बारिश में टपकने लगी आदिवासी टोला स्कूल की छत, गीले फर्श पर पढ़ने को मजबूर आदिम जनजाति के बच्चे
दो राज्यों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग
बड़गड़-उगरा सड़क बड़गड़ प्रखंड को छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय से जोड़ती है. आसपास के गांवों के लोग इलाज, खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से छत्तीसगढ़ जाते हैं. इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है.
क्या कह रहे हैं ग्रामीण
मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि बारिश में गड्ढे पानी से भर जाते हैं और वाहन चालकों को अंदाजा नहीं हो पाता कि आगे सड़क है या गड्ढा.
जय प्रकाश मिज ने कहा कि मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति के बजाय पूरी सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाना चाहिए.
बजरंग गुप्ता ने कहा कि पानी भरे गड्ढों के कारण अचानक वाहन असंतुलित हो जाते हैं. प्रशासन को तत्काल गड्ढों को भरवाना चाहिए.
संदीप गुप्ता ने कहा कि सड़क की बदहाली से लोगों के साथ वाहनों को भी नुकसान हो रहा है.
अर्जुन मिज ने कहा कि यह कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है. समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
ये भी पढ़ें: पलामू : छत्तरपुर में खाकी का बदला अंदाज, जनता के बीच पहुंचकर भरोसा जीत रहे SDPO प्रशांत कुमार
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने तत्काल गड्ढों में मिट्टी-मोरम या अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है. इसके साथ ही पूरी सड़क का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण कराने की अपील की है. ग्रामीणों का कहना है कि दो राज्यों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली को अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
