प्रतिनिधि, गढ़वा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गढ़देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की उन्नति की कामना की. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ विकसित भारत के निर्माण पर विशेष बल दिया है. उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और डिजिटल इंडिया जैसी पहलें देश के विकास और सामाजिक कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही हैं. उनके नेतृत्व में भारत ने विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है. भाजपा के जिला महामंत्री जितेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से देश के करोड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने गरीब और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है. कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, भाजपा जिला युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुन्ना तिवारी, गढ़वा मंडल अध्यक्ष धनंजय गौड़, मीना देवी, मीरा देवी, मीना केसरी सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. मोदी के शासनकाल में देश ने देखा अभूतपूर्व विकास: डॉ पतंजली भाजपा जिला मंत्री व समाजसेवी डॉ पतंजली केशरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है. सड़क, रेल और हवाई परिवहन के क्षेत्र में हुए विस्तार ने भारत के बुनियादी ढांचे को नयी पहचान दी है. उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों, नये एक्सप्रेस-वे और हवाई अड्डों का निर्माण विकास की नयी तस्वीर प्रस्तुत करता है.
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने चुनौतियों का सफलतापूर्वक किया सामना: उदय
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने चुनौतियों का सफलतापूर्वक किया सामना: उदय
