उपायुक्त ने मझिआंव प्रखंड कार्यालय और सीएचसी का किया औचक निरीक्षण

गढ़वा उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने मझिआंव प्रखंड कार्यालय और सीएचसी का औचक निरीक्षण किया. कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

गढ़वाः उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान मझिआंव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संचालित योजनाओं, स्वच्छता और आमजनों को मिल रही जनसुविधाओं का जायजा लिया.

निरीक्षण के क्रम में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में सभी कर्मी उपस्थित पाए गए, वहीं एसआईआर से संबंधित कार्यों की प्रगति संतोषजनक मिली. हालांकि, प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कनक को आवास योजना के प्रखंड समन्वयक से स्पष्टीकरण मांगते हुए रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया. इसके अलावा उन्होंने कल्याण विभाग से प्राप्त साइकिलों को पात्र लाभुकों के बीच जल्द से जल्द वितरित करने और परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया.

इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआंव का निरीक्षण किया, जहां कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए. इस पर उन्होंने कड़ा संज्ञान लेते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविन्द सेठ को अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सीएचसी में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही दवाओं, जांच और इलाज की सुविधाओं की जानकारी ली.

भ्रमण के दौरान उपायुक्त सदर अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती कामेश्वर परहिया के स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही समय पर लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यालयों और अस्पतालों में कर्मियों की अनुपस्थिति तथा काम में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >