सुबह घर से निकला, रात में रेलवे ट्रैक पर लहूलुहान मिला युवक, आखिर हुआ क्या?

गढ़वा के जोबरिया रेलवे ट्रैक के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल मिला. परिजनों को मारपीट की आशंका, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

गढ़वा. गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरिया रेलवे ट्रैक के पास से पुलिस ने शुक्रवार की देर रात एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल अवस्था में बरामद किया. घायल की पहचान अशोक विहार मोहल्ला निवासी केश्वर पासवान के पुत्र परशुराम पासवान के रूप में हुई है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.

परिजनों ने आशंका जतायी है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट कर उसे रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया. घायल परशुराम पासवान की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे उसका पति घर से निकला था. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इस दौरान वह नवादा गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे सोया हुआ मिला. मंजू देवी ने उसे घर चलने के लिए कहा, लेकिन परशुराम ने घर लौटने से इनकार कर दिया. इसके बाद वह अकेली घर वापस आ गयी.

मंजू देवी के अनुसार, पीपल के पेड़ के पास रहने के दौरान परशुराम ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था और वह पूरी तरह नशे में था. रात होने के बाद भी उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गये और उसके आने का इंतजार करने लगे. इसी बीच देर रात पुलिस के माध्यम से परिजनों को उसके घायल अवस्था में मिलने की सूचना मिली. बताया गया कि गश्त के दौरान पुलिस की नजर जोबरिया रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान अवस्था में पड़े परशुराम पर पड़ी. पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया.

इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम उसके घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल परशुराम के साथ मारपीट किसने और किस कारण से की, इसका खुलासा नहीं हो सका है.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, घायल के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >