गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण

गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण पूरा. मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने तेज की प्रक्रिया.

गढ़वा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने गति पकड़ ली है. जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए मुस्तैदी से जुटा हुआ है. अभियान की प्रगति पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा खुद लगातार नजर बनाए हुए हैं और समीक्षा बैठकों के जरिए अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दे रहे हैं. जिले में 29 जुलाई तक सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कर 05 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाना है.

अभियान के तहत गढ़वा जिले ने अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. जिले के सभी बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर कुल 8,62,092 गणना प्रपत्रों यानी शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है. इसके अतिरिक्त 5,55,677 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 644 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन और 5,55,030 प्रपत्रों का सफल सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जा चुका है अभियान के तहत विशेष श्रेणी के मतदाताओं की पहचान भी जारी है. अब तक जिले में एएसडीडीएफ के 2,282, डीएसई (डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्रीज) के 1,007 और अनकलेक्टेबल फॉर्म्स के 4,666 मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनका निष्पादन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है.

यदि विधानसभावार प्रगति की बात करें तो 80-गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,26,661 मतदाता पंजीकृत हैं, जहां सभी 4,26,661 प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही 2,55,011 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 392 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन और 2,54,616 प्रपत्रों का सफल सत्यापन किया जा चुका है. इसी प्रकार 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 4,35,431 मतदाता सूचीबद्ध हैं, जहां शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण पूरा हो चुका है. अब तक 3,00,666 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 439 का ऑनलाइन सबमिशन और 3,00,414 प्रपत्रों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है.

अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और सुपरवाइजर लगातार क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है. उन्होंने कहा कि जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचें, उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और अपने मतदाता विवरण का सत्यापन जरूर कराएं, ताकि आगामी चुनावों के लिए एक पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >