गढ़वा: यदि आप गढ़वा जिले के निवासी हैं और आपकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है. जिला निर्वाचन कार्यालय, गढ़वा द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब नये मतदाताओं का नाम जोड़ना काफी आसान हो गया है. अब आपको समाहरणालय या बीएलओ के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. आप अपने मोबाइल से ही घर बैठे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. गढ़वा जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग द्वारा युवाओं की सुविधा के लिए डिजिटल माध्यम पर स्टेप-बाय-स्टेप जानकारी दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद: अनशन पर जयराम महतो, कहा- CBI जांच हो, छात्रों से बात करें CM हेमंत सोरेन
ECINet App के जरिए मतदाता बनने की प्रक्रिया इस प्रकार है:
ऐप इंस्टॉल करें: अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर से ECINet App (या वोटर हेल्प लाइन एप्प) डाउनलोड करें.
फॉर्म-6 का चयन: ऐप ओपन कर वोटर रजिस्ट्रेशन वाले विकल्प में जाकर नया नाम जोड़ने के लिए फार्म 6 चुनें.
पर्सनल डिटेल्स दर्ज करें: अपना नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि और गढ़वा जिले के अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्र (जैसे गढ़वा या भवनाथपुर) की जानकारी दर्ज करें.
ज़रूरी दस्तावेज़ अपलोड करें: आयु और पहचान पत्र, आधार कार्ड, मैट्रिक सर्टिफिकेट या पैन कार्ड नं. , स्थानीय पता, आधार कार्ड, बिजली बिल या राशन कार्ड
पासपोर्ट फोटो: अपनी एक स्पष्ट फोटो अपलोड करें
रेफरेंस नंबर संभाल कर रखें: फॉर्म सबमिट करने पर मिलने वाले रेफरेंस आइडी से आप अपने आवेदन की स्थिति भी ट्रैक कर सकते हैं
लोकतंत्र की वास्तविक ताकत हमारे युवाओं की भागीदारी में है. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक युवा को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराना चाहिए. ECINet App के माध्यम से निर्वाचन आयोग ने इस प्रक्रिया को बेहद सुलभ बना दिया है ताकि कोई भी नागरिक अपने अधिकार से वंचित न रहे.
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सफाया: पलामू में 851 अपराधी चिन्हित, थानों में बुलाकर पूछताछ शुरू
उप निर्वाचन पदाधिकारी, गढ़वा गढ़वा जिला निर्वाचन हेल्पडेस्क
अगर आपको ऑनलाइन फॉर्म भरने या बीएलओ से जुड़ी कोई समस्या आ रही है, तो आप जिला स्तर पर जारी इन माध्यमों की मदद ले सकते हैं. राष्ट्रीय एवं जिला टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1950 आधिकारिक वेबसाइट: voters.eci.gov.in
जिला अधिकारी और निर्वाचन पदाधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं कि कोई भी योग्य नागरिक छूट न जाए .
