गढ़वा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गढ़वा जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान युद्धस्तर पर जारी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की सतत निगरानी में यह अभियान संचालित किया जा रहा है. प्रशासन का लक्ष्य 29 जुलाई तक सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा कर 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित करना है.
जिले में बांटे गए 8,62,092 गणना प्रपत्र
अभियान के तहत गढ़वा जिले ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए कुल 8,62,092 गणना प्रपत्रों का सफल वितरण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही अब तक 6,89,438 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन और 6,88,929 प्रपत्रों का सत्यापन बीएलओ द्वारा संपन्न कर लिया गया है. वहीं विशेष श्रेणी के तहत एसडीडीएफ के 3835, डीएस ई के 13,559 तथा अनकलेक्टेबल श्रेणी के 31,508 मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है.
उपायुक्त ने ईआरओ, एईआरआरओ को दिए निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने ईआरओ , एईआरओ और सुपरवाइजरों को अवशेष प्रपत्रों के त्वरित संग्रह, डिजिटाइजेशन और शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश दिए. आगामी 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएल-2 और चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रारूप सूची बीएल-2 के साथ साझा की जाएगी और अनमैप्ड मतदाताओं पर चर्चा होगी.
बैठक में ये भी रहे मौजूद
बैठक में बीएलओ, वार्ड सदस्य, आंगनबाड़ी कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी और आम नागरिक भाग लेंगे.उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जिले के आम मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाते हुए एक पारदर्शी मतदाता सूची तैयार की जा सके.
