गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने समाहरणालय स्थित सभागार में आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए पूर्व नक्सलियों के साथ आत्मीय मुलाकात की. इस दौरान एसपी ने उनके पुनर्वास, सुरक्षा और वर्तमान आजीविका की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली.
पुनर्वास योजनाओं की समीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार, मुलाकात का मुख्य उद्देश्य मुख्यधारा में लौटे व्यक्तियों को सरकार की सरेंडर नीति के तहत मिलने वाले लाभों, जैसे- प्रोत्साहन राशि, व्यावसायिक प्रशिक्षण, आवास और पारिवारिक लाभों की समीक्षा करना था.
मदद का भरोसा
एसपी ने उनसे बातचीत कर यह जानने की कोशिश की कि उन्हें जीवनयापन में किसी तरह की मुश्किल तो नहीं हो रही है. उन्होंने आश्वस्त किया कि गढ़वा पुलिस उनके बेहतर भविष्य और पुनर्वास के लिए हर संभव मदद करेगी. एसपी शेखर ने पूर्व नक्सलियों के वर्तमान शांतिपूर्ण जीवन की सराहना की और उन्हें समाज का एक जिम्मेदार नागरिक बने रहने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना ही बेहतर जीवन का एकमात्र विकल्प है.
अन्य नक्सलियों से भी आत्मसमर्पण की अपील
मुलाकात के दौरान एसपी ने संदेश दिया कि संगठन में सक्रिय अन्य सदस्य भी हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आकर्षक आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का फायदा उठाएं. मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) राहुल देव बड़ाइक भी मौजूद थे. अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि जो भी नक्सली हथियार डालेंगे, उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा.
इसे भी पढ़ें: पुलिस हिरासत में पिटाई पर हाईकोर्ट सख्त, स्वास्थ्य सचिव और सरायकेला एसपी से मांगा जवाब
इसे भी पढ़ें: खरसावां के सरदार हत्याकांड में खुलासा: पत्नी और साला ने दूसरों के साथ मिलकर की थी हत्या, चार गिरफ्तार
