गढ़वा: भतीजी की शादी की खुशियां मातम में बदली, जंगल में पेड़ से लटका मिला का अधेड़ शव

Garhwa News: भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कुंवरठीका गांव में भतीजी की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब 50 वर्षीय सुरेंद्र सिंह का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इससे जुड़ी कहर नीचे पढ़ें.

भवनाथपुर से विजय सिंह की रिपोर्ट 

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा के भवनाथपुर के थाना क्षेत्र के मकरी पंचायत के कुंवरठीका गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका पाया गया. मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह (पिता जगनरायण सिंह) के रूप में हुई है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

महुआ चुनने गई महिलाओं ने देखा शव 

जानकारी के अनुसार गांव की कुछ महिलाएं महुआ चुनने के लिए बहेरवाखाडी जंगल की ओर गई थीं. इसी दौरान उनकी नजर जामुन के पेड़ से लटके सुरेंद्र सिंह के शव पर पड़ी. महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई. देखते ही देखते ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. 

शादी की खुशियां बदलीं मातम में 

परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र सिंह की भतीजी की शादी थी. घर में उत्सव का माहौल था और रात करीब 10 बजे तक सुरेंद्र को घर पर ही देखा गया था. सुबह जब वे घर में नहीं मिले, तो खोजबीन शुरू की गई. इसी बीच जंगल में उनका शव मिलने की सूचना मिली. शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं.

पुलिस जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना के एसआई अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से नीचे उतारा और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले की जानकारी देते हुए एसआई अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: दहशत फैलाने वाले उग्रवादी सलाखों के पीछे: ईरबा के पास रांची पुलिस ने खदेड़कर दबोचा, हथियार और सिम बरामद

यह भी पढ़ें: साहिबगंज में शक के नशे में पति बना ‘जल्लाद’, नुकीले तीर जैसे रॉड से पत्नी को गोदकर मार डाला!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >