प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड में गढ़वा थाना क्षेत्र के कर्मडीह गांव में शनिवार को एक 21 वर्षीय महिला ने किराए के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी. मृतिका की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के गनियारी खुर्द निवासी रामलाल साव की पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ साथ जीवन
घटना के संबंध में पति रामलाल साव ने बताया कि दो साल पहले उसने करवा पहाड़ निवासी सुदेश्वर भुइयां की पुत्री सीमा कुमारी के साथ प्रेम विवाह किया था. शादी के कुछ समय बाद रामलाल काम के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश चला गया था. इस दौरान सीमा अपनी बहन के घर पर ही रह रही थी. लगभग तीन महीने पहले रामलाल हिमाचल से वापस लौटा. इसके बाद, पिछले एक महीने से दोनों गढ़वा के कर्मडीह गांव में कोदू महतो के मकान में किराए पर रह रहे थे. रामलाल गढ़वा में ही मजदूरी कर परिवार चला रहा था.
घटना के समय घर में अकेली थी महिला
रामलाल के अनुसार वह खाना खाकर मजदूरी करने गया था. जब वह शाम को वापस लौटा, तो कमरे का दृश्य देखकर दंग रह गया. सीमा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था. जल्दीबाजी में ग्रामीणों को सूचना दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने शव को फंदे से नीचे उतारा और स्थानीय पुलिस को सूचित किया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर गढ़वा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पति का कहना है कि उसे आत्महत्या के कारण की कोई जानकारी नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर लव मैरिज के बाद खुशी से रह रहे इस दंपती के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि सीमा ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया.
यह भी पढ़ें: नेतरहाट टनल रोड प्रोजेक्ट: विभाग को नहीं मिला कोई ‘योग्य’ कंसल्टेंट, अब नए सिरे से शुरू हुई विशेषज्ञों की तलाश!
यह भी पढ़ें: झारखंड शिक्षक नियुक्ति में बड़ी कार्रवाई की तैयारी: दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज, अयोग्य शिक्षकों की जाएगी नौकरी!
