गढ़वा. पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव रोहित कंसल से मुलाकात कर पलामू और गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों के निर्माण का अनुरोध किया था. इस संबंध में सचिव का 31 अगस्त का पत्र सांसद को प्राप्त हुआ है.पत्र में बताया गया है कि कई सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में शामिल किया गया है.
कुछ सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जा चुकी है. वहीं, अन्य सड़कों का निर्माण राज्य संपोषित योजनाओं के माध्यम से कराने की जानकारी दी गयी है.मंत्रालय ने राज्य के ग्रामीण विकास सचिव से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नहीं बन सकने वाली सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर राज्य संपोषित योजनाओं से बनाने का अनुरोध किया है. कुछ सड़कें मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत हो चुकी हैं.
सांसद ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक गांव और टोले को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. ग्रामीण सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. शेष सड़कों के निर्माण में तेजी लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के साथ लगातार प्रयास किया जा रहा है.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया.
