गढ़वा. गढ़वा-नगर ऊंटारी मार्ग पर स्थित मंगल भवन के समीप शनिवार को बाइक और स्कॉर्पियो के बीच सीधी टक्कर हो गयी. इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव निवासी रामसूरत बिंद के पुत्र कुंदन बिंद और स्वर्गीय अनुरुद्ध बिंद के पुत्र अंगद कुमार बिंद के रूप में की गयी है. घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों युवक एक ही बाइक से अपने घर खजूरी से गढ़वा शहर की ओर आ रहे थे.
इसी दौरान मंगल भवन के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के सहयोग से आनन-फानन में दोनों घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना घायलों के परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन भी बदहवास हालत में सदर अस्पताल पहुंचे.
