गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट
Garhwa News: गढ़वा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुरक्षा, संरक्षण और रख-रखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की हुई जांच
निरीक्षण के क्रम में डीसी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और वोटर वेरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल मशीनों की भौतिक स्थिति, सुरक्षा मानकों के अनुपालन और अलग-अलग महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव की गहन जांच की. उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जांच करते हुए सुरक्षा प्रबंधन, बिजली सप्लाई व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, कंट्रोल रूम, तैनात सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य जरूरी चीजों की समीक्षा की.
24 घंटे सतर्क रहने का दिया निर्देश
इस मौके पर डीसी ने ड्यूटी पर तैनात सशस्त्र सुरक्षा बलों को अपने दायित्वों के निर्वहन में 24 घंटे पूरी सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी. मौके पर डीसी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम-वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. इसके लिए नियमित निरीक्षण और त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था को हर हाल में प्रभावी बनाए रखना जरूरी है.
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अलग-अलग मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा प्रशासनिक स्तर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सह एसडीएम संजय कुमार, कोषागार पदाधिकारी प्रशांत मिंज सहित चुनाव प्रभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मी मुख्य रूप से मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग जल संसाधन विभाग को मिले दो नये प्रभारी अभियंता, बलराम मुर्मू और जयपाल मांझी ने संभाली जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें: रांची में दूसरे दिन भी जारी रहा मनरेगा कर्मियों का महाधरना, 17 जून से आमरण अनशन की चेतावनी
